बहराइच। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 2000 मरीजों का इलाज हुआ। मेले में सबसे अधिक वायरल बुखार के रोगी पहुंचे।
ग्रामीण क्षेत्रों में छुट्टी के दिन मरीजाें को भटकना न पड़े, इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले लगाए जा रहे हैं। रविवार को आरोग्य मेले में 2000 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम बदलने के कारण वायरल फीवर के मरीज बढ़े हैं। अधिकांश मरीज जुकाम, बुखार, खांसी से पीड़ित पहुंचते हैं। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोग्य मेले में आए सभी मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
साफ-सफाई रखने की दी सलाह
विशेश्वरगंज/हुजूरपुर/रूपईडीहा/रिसिया। विशेश्वरगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरैना, गंगवल, तेंदुआ कबीर में 105 मरीजों का इलाज किया गया। अधीक्षक डॉक्टर धीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि सबसे ज्यादा वायरल बुखार से पीड़ित मरीज पहुंचे। इस दौरान मरीजों को आस-पास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रमवापुर, नेवासी रिसिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लक्षमनपुर व नर्सिंगडिहा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूपईडीहा में आने वाले मरीजों को दवाएं दी गईं।