महसी(बहराइच)। हरदी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात कुत्तों के एक झुंड ने घर के बाहर खेल रहे मासूम पर हमला कर दिया। मासूम की चीख सुन परिजन दौड़े और कुत्तों को भगाया। हमले में गंभीर रूप से घायल बालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं बच्चे पर हमले के बाद कुत्तों ने पड़ोसी मजरे के युवक व युवती पर हमला कर दिया। हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और सभी हाथों में डंडा लेकर घरों से निकल रहे हैं।
हरदी थाना क्षेत्र के सम्मनपुरवा गांव निवासी मोहम्मद शहीम (07) सोमवार की रात अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान उस पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में शहीम सहम गया और जोर-जोर से चीखने लगा। बच्चे की चीख सुनकर परिजन बाहर दौड़े और लाठी फटकार कर कुत्तों को भगाया। गंभीर रूप से घायल बालक को लेकर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां शहीम का इलाज किया गया। इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया।
बालक पर हमले के बाद कुत्तों ने लोनियनपुरवा निवासी सलामत अली(35) व फरीदा(32) पर भी हमला कर दिया। इसमें सलामत गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी महसी पहुंचे। बालक के पिता नबी अहमद ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मलहम पट्टी के बाद घर भेज दिया गया था। उसने बताया कि हमले के बाद से बेटा सहमा हुआ है। वहीं मासूम समेत तीन-तीन लोगों पर हमले के बाद से ग्रामीण दहशत में है और हाथों में डंडा लेकर घरों से निकल रहे हैं।