संवाद न्यूज एजेंसीमिहींपुरवा। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत जगतपुर गुलरिया के टेपरा मजरे में बुधवार रात तेंदुए ने घर के पास बंधे बछड़े पर हमला कर उसे मार डाला। बृहस्पतिवार सुबह बछड़े का शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मौके पर तेंदुए के पगचिह्न मिलने से ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है।
गांव निवासी दिलीप कुमार ने बुधवार शाम रोज की तरह अपने मवेशियों को घर के बाहर खूंटे से बांधा था। बृहस्पतिवार सुबह बछड़े का शव देखकर उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। आबादी के बीच हुई इस घटना से लोग सहमे हुए हैं और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीण अमृतलाल सरोज ने बताया कि पिछले महीने वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाकर एक तेंदुए को पकड़ा था। इसके बाद क्षेत्र में एक और तेंदुआ दिखाई देने की चर्चा थी। अब बछड़े का शिकार होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी केके सिंह ने बताया कि मवेशी के मारे जाने की सूचना मिली है। आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।