खैरीघाट। जिले में तेंदुए का हमला थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार दोपहर घर के दरवाजे पर खेल रहे 10 वर्षीय अंबर लाल पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ उसे जबड़े में दबोचकर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। साथ खेल रहे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ बालक को छोड़कर झाड़ियों में भाग गया। हमले में गंभीर रूप से घायल बालक को सीएचसी शिवपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
शिवपुर ब्लॉक की बल्दूपुरवा ग्राम पंचायत के गड़ेरियन पुरवा गांव निवासी गोड़ई का पुत्र अंबर लाल (10) बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे घर के सामने दो-तीन अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। उसी दौरान झाड़ियों में छिपा तेंदुआ दबे पांव वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया।
तेंदुए को अचानक सामने देखकर बच्चे सहम गए। तेंदुआ अंबर लाल को घसीटकर ले जाने लगा तो बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर तेंदुए को खदेड़ दिया।
ग्रामीण घायल बालक को तत्काल सीएचसी शिवपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
बहराइच वन प्रभाग के डीएफओ सुंदरेशा ने बताया कि वनक्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता घटना पर नजर रख रहे हैं। टीम को मौके पर भेजकर तेंदुए के पगचिह्नों का निरीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद गांव के निकट पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
तेंदुए के हमले से दहशत में ग्रामीण, पिंजरा लगाने की मांग
दिनदहाड़े बच्चों के बीच पहुंचे तेंदुए के हमले से ग्रामीण अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। गांव निवासी फकीरे, राजाराम, जगन्नाथ और ढोढे ने बताया कि तेंदुआ अब दिन में भी गांव तक पहुंच रहा है। इससे बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
घटनास्थल पर तेंदुए के पगचिह्न मिले
खैरीघाट। वन क्षेत्राधिकारी पियूष गुप्ता ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार को एसडीओ के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया है। घटनास्थल पर तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। ग्रामीणों को सजग करते हुए आबादी कि निकट गन्ने और झाड़ियों से घिरे खेत में पिंजरा लगाया गया है। क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।