रुपईडीहा। नगर पंचायत रुपईडीहा के वार्ड नंबर नौ, दीन दयाल नगर के बस्थनवा मोहल्ला स्थित हाजी अनवर अली के तालाब में सोमवार सुबह एक विशाल मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यह तालाब दोंदरा नाले से जुड़ा हुआ है, जहां पहले से ही छह से अधिक मगरमच्छ होने का दावा किया जा रहा है।
सोमवार सुबह टहलने गए वार्ड सभासद जान मोहम्मद, मुश्ताक, जाकिर, अली अहमद, सोनू और खातूना ने सबसे पहले मगरमच्छ को देखा। थोड़ी ही देर में पूरे मोहल्ले में खबर फैल गई और लोग बड़ी संख्या में तालाब के किनारे जमा हो गए। मगरमच्छ के दिखने से बच्चों और महिलाओं में खौफ का माहौल है। परिजनों ने बच्चों को घर से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी है।