बहराइच/फखरपुर/शिवपुर। जिले के ग्रामीण अंचलों में रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। नानपारा, फखरपुर, पयागपुर, महसी, रिसिया और नवाबगंज क्षेत्रों में सुबह से ही गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई एजेंसियों पर इतनी लंबी लाइन दिखी कि इससे तीन दशक पहले जैसे हालात नजर आए।
फखरपुर कस्बे में भारत गैस एजेंसी के बाहर मंगलवार सुबह से ही सैकड़ों लोग सिलिंडर के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। करीब 300 से अधिक उपभोक्ता खाली सिलिंडर लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। लाइन में लगे रामपाल यादव और रामलाल ने कहा कि लग रहा है 24 साल पुराने दिन फिर लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि वे सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन गैस मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। तेज धूप के बावजूद लोग काम-धंधा छोड़कर घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।
भीड़ के कारण मौके पर धक्का-मुक्की और कहासुनी की स्थिति भी बनी रही। सिलिंडर खिसकाने को लेकर कई बार विवाद की नौबत आई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने समझाकर शांत कराया। नानपारा और शिवपुर में भी स्थिति इसी तरह की रही। सुबह से लोग सिलिंडर लाइन में लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। शाम तक करीब 110 उपभोक्ताओं को ही गैस मिल सकी, जबकि बाकी लोग बिना सिलिंडर लिए लौट गए।
लगातार एजेंसी संचालकों से संपर्क में प्रशासन
जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि जिले में 71 गैस एजेंसियां हैं और सभी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर गैस वितरण शुरू करा दिया गया है और दो से तीन दिन में व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।
दिक्कत होने पर यहां करें संपर्क
गैस एजेंसियों के सेल्स ऑफिसर के मोबाइल नंबर:
आईओसीएल – विवेक शुक्ला: 8858373148
बीपीसीएल – सौरभ आनंद: 9735959515
एचपीसीएल – अभिषेक कुमार: 8090200153
टोल फ्री नंबर: 1077