बौंडी। महसी के परसोहना गांव में शुक्रवार देर रात किसी अज्ञात वन्य जीव के हमले में पांच लोग जख्मी हो गए। कुछ ही समय के अंतराल पर वन्य जीव ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर सो रहे ग्रामीणों को अपना निशाना बनाया। गांव में चीख-पुकार मचने पर लोग लाठी-डंडों के साथ बाहर निकल आए। ग्रामीण भेड़िये के हमले की आशंका व्यक्त कर रहे हैं, जबकि वन कर्मियों ने कुत्ते के हमले की बात कही है।
गांव निवासी ग्रामीण खाना खाने के बाद अपने-अपने घरों में सो रहे थे। देर रात लगभग 12 बजे वन्य जीव ने एक घर में हमला कर बरामदे में सो रही बालिका रुखसाना (10) पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। उसकी चीख सुनकर परिजन जाग गए, लेकिन उन्हें कोई जानवर वहां दिखाई नहीं पड़ा।
इसके बाद तीन घंटों के भीतर हिंसक वन्य जीव ने अलग-अलग घरों में हमला कर गांव के मुसाफिर (19), गौतम (36), रामगोपाल (38) व हबीब (61) को घायल कर दिया। देर रात हुए हमले से ग्रामीणों में चीखपुकार मच गई। लोग लाठी-डंडों के साथ अपने घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाने पर देने के साथ ही वन कर्मियों को भी दी। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आलोक सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी महसी भिजवाया। वन कर्मियों ने पदचिन्हों का निरीक्षण कर कुत्ते के हमले की बात कही है।