सड़क का शिलान्यास करते पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी व मौजूद अतिथि।
कैसरगंज। पयागपुर विधायक ने रविवार को ग्राम पुरैनी से टांडे चतुर सराय कनहर होते हुए सिसईपुरवा इटहुवा संपर्क मार्ग का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह सड़क 2.40 किलोमीटर लंबी होगी और इसकी अनुमानित लागत 2.02 करोड़ रुपये है। शिलान्यास के अवसर पर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह सड़क वर्षों से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग थी। इसके निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन और सुगम परिवहन मिलेगा। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि कार्यों में भी सुविधा होगी। विधायक ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह विसेन, महेंद्र पाठक, सत्य प्रकाश सिंह ''सत्या'' सहित कई ग्राम प्रधान और अन्य लोग उपस्थित रहे।