जरवलरोड (बहराइच)। कोहरे के कारण हादसे बढ़ गए हैं। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बुधवार तड़के बहराइच से बाराबंकी लौट रहा परिवार जरवलरोड में हादसे का शिकार हो गया। जीप पलटने से दंपती समेत छह लोग घायल हो गए। सभी को मुस्तफाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया है। महिला समेत दो घायलों की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मालूम हो कि मंगलवार को बारातियों से भरी जीप भी कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर बेरिया नहर में गिर गई थी।
बाराबंकी के सिधौली निवासी रविशंकर गुप्ता (35) पत्नी शोभा (30), भाई मनोज गुप्ता (40), राजू गुप्ता (35) व दिलीप गुप्ता (50) के साथ बहराइच में एक रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम निपटाने के बाद बुधवार तड़के सभी लोग मार्शल (यूपी 41 टी 8700) में सवार होकर घर के लिए निकले। करीब पांच बजे के आसपास जीप जब जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत रिठौरा मोड़ पर पहुंची तभी चालक संतुलन खो बैठा, जिससे जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। जीप में सवार सभी लोग घायल हुए हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। तत्काल सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान शोभा और दिलीप की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
घायलों ने बताया कि जीप की रफ्तार तो सामान्य से अधिक थी ही, घना कोहरा भी था। इस कारण माेड़ पर कुछ दिखाई नहीं पड़ा और जीप खड्ड में पलट गई।