बहराइच। 27 नवंबर से नानपारा चीनी मिल और आठ दिसंबर से पारले मिल में पेराई सत्र शुरू होगा। िमल प्रबंधनों ने शुक्रवार को ये फैसला तब लिया जब डीएम सत्येंद्र सिंह ने उनके पेंच कसे। शिविर कार्यालय में आयोजित बैठक में मिलों को समय से संचालित किए जाने व गन्ना किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई। मालूम हो कि आईपीएल जरवलरोड मिल ने एक दिसंबर से मिल संचालन की घोषणा पूर्व में कर दी थी।
डीएम सत्येंद्र सिंह ने सख्त निर्देश दिया कि क्रय केंद्रों पर गन्ना किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। डीएम ने सभी एसडीएम को क्रय केंद्रों के सत्यापन कर व्यवस्थाएं देखने और गन्ना अधिकारी राम किशन को क्रय केंद्रों की सूची व चेक लिस्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
नानपारा मिल के प्रबंधक लालता प्रसाद सोनकर ने बताया कि पेराई सत्र का शुभारंभ 27 नवंबर को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 क्रय केंद्रो में से 21 का सत्यापन हो चुका है। पारले मिल के प्रबंधक जगतार सिंह ने 30 नवंबर को मिल पूजन व 8 दिसंबर से पेराई सत्र शुरू होने की जानकारी दी। जरवलरोड मिल के विभागाध्यक्ष मुनीश भारद्वाज ने मिल पूजन एक दिसंबर व सत्र आरंभ की तिथि 7 दिसंबर बताई है। चिलवरिया मिल के प्रबंधक एके सिंह ने मिल पूजन के लिए 26 नवंबर की तिथि घोषित की है। बताया कि दिसंबर प्रथम सप्ताह में पेराई शुरू हो जाएगी।