नानपारा (बहराइच)। अब्दुल्लागंज रेंज का निरीक्षण गुरुवार को वन विभाग की एसटीएफ टीम ने किया। इसके बाद मुखबिरों की निशानदेही पर दोपहर में नानपारा के एक आरा मशीन पर छापा मारा, जहां जंगल से काटी गई सागौन की 140 बोटा लकड़ी ट्रक समेत बरामद हुई है। लकड़ी की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है। आरा मशीन और लकड़ी सीज कर दी गई है। ट्रक चालक फरार है।
बहराइच वन प्रभाग के अब्दुल्लागंज व चकिया रेंज वन माफिया के निशाने पर हैं। माह भर पूर्व चकिया रेंज में अवैध कटान के बाद मुख्यमंत्री ने डीएफओ समेत आठ अधिकारियों को निलंबित किया था। इसके बावजूद महकमे के जिले के अधिकारी कटान पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। हाल ही में उप प्रभागीय वनाधिकारी के पद पर बहराइच स्थानांतरित होकर आए करन सिंह गौतम ने कटान पर अंकुश लगाने के लिए अपनी अगुवाई में एसटीएफ वन की टीम गठित की थी। टीम में एसडीओ गौतम के अलावा अहमद कमाल सिद्दीकी, दीपक सिंह और लालचंद्र शामिल हैं।
गुरुवार को अब्दुल्लागंज रेंज में अवैध कटान की सूचना पर एसटीएफ टीम ने रेंज के जंगल का भ्रमण किया। घने जंगल के बीच सागौन के तीन पेड़ कटे मिले। कई अन्य स्थानों पर पेड़ों के ठूंठ बरामद हुए। टीम ने आसपास गांव के ग्रामीणों से संपर्क साधा तो पता चला कि यहां से काटी गई लकड़ी नानपारा के आरा मशीन पर पहुंचाई गई है। तत्काल एसटीएफ की टीम नानपारा नगर में जनता इंटर कॉलेज के पीछे स्थित जफर कमाल की आरा मशीन पर पहुंच गई। यहां मिनी ट्रक से सागौन के बोटे उतारे जा रहे थे। वन क्षेत्राधिकारी नरेंद्र कुमार और डिप्टी रेंजर इकबाल पहुंचे और बरामद 140 बोटा लकड़ी को कब्जे में लेते हुए रेंज कार्यालय पहुंचाने के निर्देश दिए। लकड़ी समेत मिनी ट्रक को रेंज कार्यालय नानपारा पहुंचाया गया लेकिन यहां से चालक चकमा भाग निकला। उप प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जफर कमाल के खिलाफ रेंज केस दर्ज किया गया है।