मटेरा/फखरपुर (बहराइच)। अलग-अलग थाना क्षेत्र के तीन घरों से रविवार रात चोरों ने 4.5 लाख की संपत्ति उड़ा ली। पीड़ितों ने इस मामले में थाने पर तहरीर दी है।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत मदरहा गांव निवासी जमालुद्दीन पुत्र बन्ने का पूरा परिवार रात में सो रहा था तभी मकान के पिछली दीवार में सेंध लगाकर चोर घर में घुस आए। अलमारी का ताला काटकर 30 हजार रुपये, सवा लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कपड़ा-बर्तन समेत दो लाख की संपत्ति उड़ा ली। इसी गांव के जहीरुद्दीन के मकान में भी चोर सेंध लगाकर घुसे। चोरों ने यहां से जेवरात, बर्तन, अनाज समेत 50 हजार की चोरी की।
उधर फखरपुर के गजाधरपुर महराजपुरवा गांव निवासी कुंवारे के घर में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने 25 हजार रुपये नगदी, 1.5 लाख मूल्य के जेवरात, कपड़ा व बर्तन समेत 2 लाख की संपत्ति समेट ली।