मिहींपुरवा (बहराइच)। पुलिसकर्मी जब गन न चला सकें तो वे जनता की रक्षा कैसे करेंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। यही नहीं, जंक लगे हथियार भी इसमें संदेह पैदा करते हैं। लेकिन, ये सच्चाई है मोतीपुर थाने की, जहां पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया तो ये हालात सामने आए। थाने के सशस्त्रागार में एके 47 और एसएलआर में धूल जमी मिली। थ्री नॉट थ्री रायफलें जंक खा रही थीं। एनआर राउंड गन ठीक मिली लेकिन उसे सिपाही चला नहीं सके। थाने के आरक्षी बैरक और भोजन की हालत भी ठीक नहीं मिली। इन अव्यवस्थाओं पर एसपी जमकर बिफरे और एसओ को खूब लताड़ा। जालिमनगर चौकी क्षेत्र में अवैध वसूली के मामले में एसपी ने चौकी इंचार्ज की क्लास लगाई। इसके बाद चौकीदार और ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया।
पुलिस अधीक्षक आरएल वर्मा जंगल और नेपाल सीमा से सटे मोतीपुर थाने में बुधवार दोपहर 12 बजे अचानक पहुंच गए। यहां आरक्षियों की बैरक में दीवारें सीलनयुक्त मिलीं। जगह-जगह छत से पानी टपक रहा था। इस पर थानाध्यक्ष ने बजट मिलने और मौसम सही न होने के चलते मरम्मत न करा पाने की सफाई दी। इसके बाद एसपी ने भोजनालय का निरीक्षण कर भोजन की स्थिति जांची, फिर वह सशस्त्रागार पहुंच गए। यहां असलहों की हालत देखकर एसपी दंग रह गए। यहां रखे एसएलआर और एके 47 रायफल जब एसपी ने उठाया तो उसकी नाल और मैगजीन से काफी धूल निकली। तीन थ्री नॉट थ्री रायफलों में जंग लगी दिखी। ये देख एसपी भड़क उठे। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष एके यादव पर नाराजगी जतायी। एसपी ने एनआर राउंड गन उठाकर एक सिपाही को चलाने को दिया लेकिन वह एनआर राउंड गन को सही से पकड़ भी नहीं सका। तब थानाध्यक्ष ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए खुद ही एनआर राउंड गन चलाकर दिखाया। थाने में रखे ताबूत और क्राइम सीन टेप जस का तस रखा देखकर एसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अपराध के दौरान सभी उपकरणों का समुचित उपयोग किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने जालिमनगर चौकी इंचार्ज भरत यादव की जमकर क्लास ली। एसपी ने क्षेत्र में अवैध वसूली होने की बात कहते हुए तत्काल वसूली बंद करवाने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने थाने के चौकीदारों से परिचय प्राप्त किया। चौकीदारों ने दो माह से वेतन न मिलने की बात कही तो एसपी ने तत्काल वेतन दिलवाने के निर्देश दिए। थाने में मौजूद क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठककर एसपी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।