बहराइच। अगर आपको बैंक के जरूरी काम हैं तो उसे कल तक निपटा लें। त्योहारों और छुट्टियों का मजा लेने के लिए कैश भी निकाल लें। क्योंकि, लगातार त्योहार पड़ने के कारण छह अक्तूबर तक बैंक बंद रहेंगे। एटीएम दगा दे सकते हैं। वहीं, आज अर्धद्धवार्षिक लेखाबंदी के कारण भी दिक्कत हो सकती है। खर्च भी संभल कर करें, ताकि पैसों की कमी छुट्टियों में किरकिरी न बने।
दो अक्तूबर को गांधी जयंती के बाद तीन को दशहरा, चार को शनिवार के कारण हाफ डे, फिर रविवार और फिर सोमवार को बकरीद की छुट्टी है। ऐसे में लोगों को बैंक के कामकाज निपटाने में काफी दिक्कतें होने वाली हैं। कहने को तो जिले में 172 बैंक शाखाएं स्थापित हैं। उनके 65 एटीएम विभिन्न स्थानों पर बैंक उपभोक्ताओं को लेनदेन की सुविधा मुहैया कराने के लिए स्थापित हैं लेकिन सप्ताह भर निरंतर बैंकों की बंदी से एटीएम दगा दे सकते हैं। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित एटीएम में भी कैश खत्म होने और नेटवर्किंग की समस्या आए दिन पहले से बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक बैंक अफसरों ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। बैंक अधिकारी जिले की 36 लाख आबादी को महज 65 एटीएम के सहारे छोड़कर किनारा कस ले रहे हैं। ऐसे में जनता को छुट्टी के दिनों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उधर, बैंकों के बंद रहने से सबसे अधिक परेशानी व्यापारियों को उठानी होगी। बैंकों में भी इस सप्ताह बीस से पच्चीस करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने की संभावना है।