फखरपुर/खुटेहना। चोरों ने रविवार रात फखरपुर और पयागपुर थानाक्षेत्रों में पांच मकानों से छह लाख की संपत्ति उड़ाई। नकदी, जेवर समेत सारा कीमती सामान समेट ले गए। इस मामले में पीड़ितों ने थाने पर तहरीर दी है लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है।
फखरपुर थाना अंतर्गत फखरपुर कस्बा में दूरभाष केंद्र के निकट रह रहे इब्राहीम के घर में दीवार फांदकर घुसे चोरों ने बेटों के दहेज में मिले बर्तन, कपड़ा व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। यहां से चोर लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति समेट ले गए। इसी थानाक्षेत्र के खालिदपुर गांव निवासी इश्तियाक के घर में घुसे चोरों ने अलमारी का ताला काटकर सोने-चांदी के तीन लाख मूल्य के जेवरात, 59500 रुपया नकद, कपड़ा और बर्तन पर हाथ साफ कर दिया। जबकि फखरपुर कस्बा निवासी हामिद अली के तेल कारखाने पर धावा बोलकर चोर 10 हजार मूल्य का तेल चुरा ले गए।
उधर पयागपुर थाना अंतर्गत झाला तरहर गांव निवासी राकेश शुक्ला के घर की खिड़की का ताला काटकर मकान में घुसे चोरों ने 15 हजार रुपया नकदी पर हाथ साफ किया। इसके बाद चोरों ने इसी गांव निवासी शिक्षक रामकुमार पांडेय के घर धावा बोलकर दो सूटकेस उड़ा दिए। चोर जब छात्र नेता अशोक पांडेय के घर में घुसे तो परिवारीजन आहट पाकर जग गए। सभी के शोर मचाने पर यहां से चोर उल्टे पांव भागे। इस मामले में थाने पर तहरीर दी गई है। लेकिन अभी तक पुलिस ने एक भी वारदात की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।