हुजूरपुर (बहराइच)। सेंट्रल बैंक हुजूरपुर से जुड़े गन्ना किसानों को चीनी मिल से प्रदान किया गया गन्ने का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे नाराज गन्ना किसानों ने सोमवार को दोपहर में बैंक में ताला जड़ दिया।
सेंट्रल बैंक हुजूरपुर में चिलवरिया चीनी मिल ने हाल ही में काफी संख्या में गन्ने का बकाया भुगतान किसानों के खाते में भेजा है। इस धन को अपने बैंक खाते से निकालने के लिए किसान चार दिन से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं। सोमवार सुबह काफी संख्या में किसान बैंक पहुंच गए। लेकिन धन का अभाव बताकर सभी को वापस किया जा रहा था। इससे किसान भड़क उठे। किसानों ने गन्ना विकास समिति अध्यक्ष चिलवरिया सरदार सिंह, किसान नेता महेंद्र पाठक, हरेंद्र विक्रम सिंह की अगुवाई में बैंक में ताला जड़ दिया। किसी तरह गुस्साए किसानों को समझाया गया। प्रबंधक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि धनराशि अभाव के कारण भुगतान नहीं हो रहा था। दोपहर बाद धनराशि मुहैया कराई गई है।