बहराइच। जिले में विकास की गंगा बहाने का दावा हर प्रत्याशी का है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं देना हर पार्टी के एजेंडे में शामिल हैं। समृद्धशाली व सशक्त भारत की परिकल्पना लिए बुधवार को अमर उजाला सरोकार में प्रत्याशी व राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किए। सभी ने एक स्वर में जनता से सेवा करने का मौका मांगते हुए जिले के चहुंमुखी विकास का दावा किया। प्रत्याशी और प्रतिनिधियों ने कहा कि किसान को उसकी उपज का वाजिब हक दिलाया जाएगा। महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा। अपराधमुक्त व भ्रष्टाचार मुक्त समाज हो, इसके लिए हर संभव प्रयास होगा। जनता के बीच सीधा संवाद होगा और उनकी आवाज संसद में प्रमुखता से उठाई जाएगी।
शहर के ब्राह्मणीपुरा मोहल्ला स्थित डालमिया धर्मशाला में बुधवार को अमर उजाला सरोकार के तहत फोकस ग्रुप का आयोजन हुआ। इसमें बसपा प्रत्याशी डॉ. विजय कुमार, समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व प्रत्याशी प्रतिनिधि जफरउल्ला खां बंटी, जिला सचिव व जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप यादव, मीडिया प्रभारी नदीमुल हक तन्नु, भाजपा पूर्व विधायक व प्रत्याशी सावित्री बाई फूले के प्रतिनिधि सुरेश्वर सिंह, कांग्रेस मीडिया प्रभारी हमजा शफीक, आप मीडिया प्रभारी संतोष कुमारी रस्तोगी, पीस पार्टी जिलाध्यक्ष शकील अहमद आदि ने हिस्सा लिया। सभी ने पार्टी मेनिफेस्टो के साथ स्थानीय मुद्दों पर बेबाकी से राय रखी। स्थानीय मुद्दों में सड़क, बिजली, पानी, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने व देश हित में कार्य करने की बात सामने आई। चुनाव जीतने पर समय-समय पर जनता के बीच बैठक होगी। सभी वर्ग के लोगों को उनका हक दिलाने का आश्वासन सभी ने दिया। सभी प्रतिनिधियों ने एक दूसरे पर व्यक्तिगत आक्षेप न करते हुए स्वस्थ्य लोकतंत्र की स्थापना के लिए समाजहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। बोले, चुनाव जीतने के बाद कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं आएगा। गरीबों के लिए भावी सांसद का दरवाजा सदैव खुला रहेगा।