खैरीघाट (बहराइच)। जंगल से भटककर दो हिरन बुधवार सुबह दीनापुरवा और शिवपुर आ पहुंचे। दीनापुरवा आए हिरन को कुत्तों ने नोंचकर मार डाला, जबकि शिवपुर में पहुंचे हिरन को एक युवक ने किसी तरह बचाया। हिरन को बचाने में युवक भी जख्मी हुआ है। उसका इलाज पीएचसी में कराया गया है। वनकर्मियों ने मृतक हिरन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि जख्मी हिरन को इलाज के लिए रेंज कार्यालय पहुंचाया है।
बुधवार सुबह मोतीपुर रेंज के जंगलों से भटक कर दो हिरन नानपारा रेंज के शिवपुर और दीनापुर गांव के निकट पहुंच गए। दीनापुर गांव के निकट पहुंचे हिरन को गांव के कुत्तों ने घेरकर नोंच डाला, जिससे हिरन की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, शिवपुर में भटक रहे हिरन पर भी कुत्तों केे झुंड हमला कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे शिवपुर निवासी सोनू शुक्ला ने कुत्तों को भगाकर हिरन को पकड़ने का प्रयास किया। हिरन की उछलकूद में सोनू भी घायल हो गए। कुत्तों के हमले में हिरन भी जख्मी हुआ है। गांव वालों की सूचना पर नानपारा के वन रक्षक अजय सिंह टीम केे साथ शिवपुर पहुंचे। उन्होंने घायल हिरन को कब्जे में ले लिया। वन रक्षक ने बताया कि घायल हिरन के स्वस्थ होने पर उसे मोतीपुर के जंगल में छोड़ा जाएगा।
उधर, दम तोड़ने वाले हिरन का पोस्टमार्टम शिवपुर पशु चिकित्सालय में कराया। यहां डॉक्टरों ने कुत्तों के हमले की दहशत और अधिक रक्तस्राव से हिरन के मौत होने की पुष्टि की है। वन रक्षक ने बताया कि दम तोड़ने वाली हिरन मादा थी। उम्र लगभग तीन वर्ष थी।