बहराइच। गजाधरपुर बसंतापुर गांव के तीन घरों में बुधवार रात सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। दो घराें में परिवारीजनों को बंधक बनाकर ढाई लाख की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर सभी को कट्टे की बट और लाठियों से पीटा। तीसरे घर में जब बदमाश बाहर सो रहे चाचा-भतीजे को पीट रहे थे, तभी गांव के लोग दौड़ पड़े। इस पर बदमाश असलहे लहराते हुए फरार हो गए। इस मामले में पीड़ितों ने थाने पर तहरीर दी है लेकिन अभी तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है।
फखरपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गजाधरपुर अंतर्गत बसंतापुर मजरा निवासी राजू पुत्र दीनबंधु प्रतिदिन की तरह बुधवार रात घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। रात एक बजे के आसपास 10 नकाबपोश डकैत, राजू के घर पहुंचे। राजू को जगाने के बाद उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए राजू की मदद से उसके मकान का किवाड़ खुलवाया। इसके बाद बदमाशों ने परिवार के लोगों को काबू में कर लिया। सभी को मकान के एक कमरे में बंद कर अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर लूटपाट की। यहां से बदमाश पांच हजार रुपये नकद, सवा लाख मूल्य के जेवरात, कपड़ा और कीमती बर्तन समेत दो लाख की संपत्ति समेट ले गए। इसके बाद डकैतों ने पड़ोसी सोनू वर्मा के घर पर धावा बोला। सोनू अपने चाचा जियालाल के साथ घर के बाहर छप्पर में सो रहा था। यहां बदमाशों ने दोनों के कनपटी पर तमंचा लगाकर मकान का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। सोनू और जियालाल के विरोध करने पर बदमाशों ने चाचा-भतीजे की पिटाई शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर सोनू की मां संजू देवी शोर मचाते हुए घर से निकलीं। इस पर बदमाशों ने उन्हें भी पीटा, तब तक गांव के लोग दौड़ पड़े। अपने को घिरता देख बदमाश असलहे हवा में लहराते हुए भाग निकले। इसके बाद बदमाशों ने थोड़ी दूर पर स्थित मकनीपुरवा निवासी सिपाहीलाल के घर पर धावा बोल दिया। यहां से जेवरात, कपड़ा और बर्तन समेत 50 हजार की लूटपाट की। रात में ही घटना की सूचना थाने पर दी गई, लेकिन पुलिसकर्मी गांव नहीं पहुंचे। सुबह पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बीके यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।