फखरपुर (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर गुलालपुरवा गांव के पास बहराइच की ओर से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने लखनऊ की ओर से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक को साइड मार दिया। गिट्टी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे खड़े होमगार्ड की ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन बुलवाकर होमगार्ड के शव को बाहर निकलवाया। साइड मारने वाला चालक वाहन समेत भाग निकला।
कैसरगंज के देवलखा निवासी होमगार्ड श्यामसुंदर (40) मंगलवार सुबह ड्यूटी पर जिला मुख्यालय जाने के लिए फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलालपुरवा गांव के पास सड़क किनारे खड़ा था। इतने में लखनऊ की ओर से गिट्टी लादकर बहराइच जा रहेे ट्रक (यूपी 41 सी 6686) को बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने साइड मार दिया। साइड लगने से गिट्टी लदा ट्रक अनियंत्रित पलट गया। ट्रक की चपेट में आकर होमगार्ड श्यामसुंदर की मौके पर ही नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि साइड मारने वाला ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। गिट्टियां भी सड़क पर बिखर गईं, जिससे एक घंटे तक जाम लगा रहा।