बहराइच (ब्यूरो)। जिला विद्यालय निरीक्षक की कार शुक्रवार दोपहर बेलहरा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक में जा भिड़ी। कार में सवार डीआईओएस बाल-बाल बचे हैं, जबकि उनका स्टेनो और चालक घायल हुए हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अमरेंद्र सिंह शुक्रवार सुबह नोडल अधिकारी के दौरे के मद्देनजर ग्राम ससना गए थे। दोपहर बाद तीन बजे के वह अपने स्टेनो रामनरायन मौर्य के साथ कार (यूपी 32 सीआर 9344) से जिला मुख्यालय लौट रहे थे। गाड़ी जब लखनऊ-बहराइच मार्ग पर बेलहरा गांव के निकट पहुंची तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक को साइड देने में कार चालक संतुलन खो बैठा और कार ट्रक से जा भिड़ी। कार चालक मुख्तार व स्टेनो रामनरायन घायल हुए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल-बाल बचे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक को कोतवाली देहात पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक से फरार है।