फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर 16 करोड़ का कारोबार

Sat, 02 Nov 2013 05:40 AM IST
Bahraich
विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में खूब रौनक रही। सराफा, बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों समेत अन्य वस्तुओं का कुल 16 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का दौर देर रात तक चलता रहा। सराफा दुकानों पर जेवरातों के अलावा सोने-चांदी के सिक्के व अन्य वस्तुओं की भी जमकर खरीदारी हुई। सराफा बाजार चार करोड़ तो बर्तन व्यवसाय छह करोड़ से अधिक का हुआ है। महंगाई के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बना।
विज्ञापन

धनतेरस पर्व पर सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई। मुख्य बाजार के अलावा गली मोहल्लों में भी दुकानें दुल्हन की तरह सजी नजर आईं। परंपरा निर्वहन के लिए सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का दौर देर रात तक चलता रहा। चौक बाजार, छोटी बाजार, छावनी, स्टीलगंज तालाब बाजार व सराफा बाजार स्थित दुकानों पर रह-रहकर भीड़ उमड़ती रही। कोई गणेश-लक्ष्मी के चांदी के सिक्कों की खरीददारी कर रहा था तो कोई परंपरा निर्वहन के लिए सोने व चांदी के जेवरात के मोलभाव कर जेब टटोलते नजर आया। इसके अलावा अधिकांश लोगों ने सोने के जेवरात, सिक्कों, मूर्तियों और बर्तनों की खरीदारी की। चांदी के पुराने सिक्कों की मांग अधिक रही, जिससे सराफा बाजार जमकर उछला। सराफा व्यापार संघ के अध्यक्ष राकेश वर्मा ने बताया कि सुबह से रात तक शहर क्षेत्र स्थित सराफा के दुकानों पर लगभग ढाई करोड़ का कारोबार हो चुका है। इसके अलावा ग्रामीण अंचलों में स्थित सराफा दुकानों पर भी लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि महंगाई के बावजूद खरीदारी जमकर हुई है। लोग परंपरा निर्वहन के लिए उत्साहित दिखे।
बर्तनों की दुकानों पर उमड़ते रहे लोग
बर्तनों की दुकानों पर भी खरीदारी के लिए दोपहर से देर रात तक भारी भीड़ रही। बर्तन व्यवसायी केशव नागर ने बताया कि थाली, लोटा, ग्लास, बाल्टी व डिनर सेट की बिक्री अधिक हुई है। उन्होंने कहा कि स्टील के बर्तनों की मांग ज्यादा रही। फूल, गिलट, तांबा और पीतल के बर्तन स्टील की अपेक्षा चौथाई ही बिके। बर्तन का कारोबार लगभग छह करोड़ के आसपास होने का अनुमान बर्तन व्यवसायी लगा रहे हैं।
विज्ञापन

एलईडी और वॉशिंग मशीन की रही डिमांड
लोगों ने गृहस्थी के सामान खरीदने मेें भी रुचि दिखाई। कलेक्ट्रेट मार्ग पर श्रीराम एजेंसी के मालिक मनीष मल्होत्रा ने बताया कि सुबह से एलईडी और वॉशिंग मशीन की बिक्री अधिक हुई है। 40 इंच की एलईडी की बाजार में शॉर्टेज हो गई। इसके अलावा माइक्रोवेव ओवन और इनडंक्शन चूल्हा भी बिका। व्यवसायी मनीष कुमार के मुताबिक लगभग दो करोड़ के इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम बिके। देर रात तक दुकानों में भीड़ लगी रही।
रेडीमेड कपड़ों का बाजार रहा गर्म
दीप पर्व के लिए कपड़ों की खरीददारी भी खूब हुई। रेडीमेड कपड़ों का बाजार अधिक गर्म दिखा। कपड़ा व्यवसायी नुसरत जान ने बताया कि बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष रेडीमेड कपड़ों की मांग अधिक रही। रेडीमेड फैंसी कपड़ों के प्रति खासकर युवा आकर्षित रहे। जिले में कपड़े का व्यवसाय लगभग दो करोड़ के आसपास आंका जा रहा है।
हल्के जेवरात की रही अधिक मांग
सराफा व्यवसायी राकेश मयूर ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर लोगों की पसंद सोने के हल्के जेवरात रहे। वहीं, चांदी की असलियत को लेकर कोई दिक्कत न हो इसके लिए लोगों ने चांदी के पुरानों सिक्कों की खरीददारी अधिक की। अंग्रेजी शासनकाल के सिक्के खूब बिके।
बाइकों की भी जमकर खरीदारी
बाइक एजेंसियों पर मोटरसाइकिलों की बिक्री भी जमकर हुई। बाइक एजेंसी मालिक दीपक खन्ना, सुरेश गुप्ता और दिनेश गर्ग ने बताया कि बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 70 फीसदी कारोबार में बढ़ोत्तरी रही है। विभिन्न एजेंसियों पर 350 बाइकों की बिक्री हुई है। डेढ़ करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ।
पौने दो लाख सिक्के बिके
सराफा व्यापार संघ के अध्यक्ष राकेश वर्मा ने बताया कि शहर, कस्बों और ग्रामीण अंचलों में मिलाकर लगभग पौने दो लाख चांदी और पांच हजार सोने के सिक्कों की बिक्री का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें