बहराइच। मीट फैक्ट्री में काम दिलाने की बात कहकर जिले से पांच युवतियों को उन्नाव ले जा रही बिहार निवासी महिला और युवतियों के बीच कार्यस्थल में सुरक्षा की बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद युवतियों ने पुलिस को बुला लिया। युवतियों को ले जा रही महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि युवतियों के बयान और महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
मालूम हो कि इसी महिला के कहने पर ये युवतियां पहले भी उन्नाव में काम करती थीं, वहां कर्मचारियों की ओर से अश्लीलता किए जाने पर सभी अपने डेढ़ महीने की मजदूरी छोड़कर वहां से आ गई थीं। आरोपी महिला उन्हें वही बकाया दिलाने की बात कहकर अपने साथ उन्नाव ले जा रही थी। छेड़छाड़ व अश्लीलता से आजिज आ चुकीं युवतियों ने सुरक्षा गारंटी मांगी तो दोनों के विवाद हो गया, तभी पुलिस को बुलाया गया।
कोतवाली देहात अंतर्गत एक गांव निवासी पांच युवतियों को बिहार निवासी एक महिला अपने साथ मीट फैक्ट्री में काम दिलाने की बात कहकर उन्नाव ले जा रही थी। रोडवेज बस अड्डे पर जब यह सभी पहुंची तो वहां युवतियों और महिला के बीच विवाद हो गया।
एक युवती ने पुलिस को सूचित कर दिया। महिला पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि बिहार की महिला पांचों युवतियों को अपने साथ उन्नाव ले जा रही थी। युवतियों ने बताया कि इसी महिला के कहने पर वह सभी पहले भी उन्नाव में आईटीबीपी टंकी के निकट स्थित रुस्तम मीट फैक्ट्री में काम करती थीं। वहां कर्मचारियों की अश्लीलता व छेड़छाड़ किए जाने पर सभी युवतियां काम छोड़कर वापस बहराइच आ गईं थीं। उनका डेढ़ माह का बकाया था। महिला बकाया दिलाने की बात कहकर फिर से युवतियों को काम पर ले जा रही थी, तभी बस अड्डे पहुंचने पर महिला किसी से
फोन पर बात कर रही थी, युवतियों को कुछ संदेह हुआ और सभी ने अपनी सुरक्षा की गारंटी पर ही साथ चलने की बात कही, जिस पर विवाद हो गया। महिला थानाध्यक्ष
सरोज शर्मा ने बताया कि
पांचों युवतियाें और महिला ठेकेदार को थाने लाया गया है। युवतियों से पूछताछ की गई
है। युवतियों का कहना है वे केस दर्ज कराना नहीं चाहती हैं, बस उन्हें बकाया वापस मिले जाए, वे चली जाएंगी। पुलिस का कहना है कि महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कुछ कहा जा सकता है।