जरवलरोड (बहराइच)। आगापुरवा विसैंधा गांव में रविवार सुबह नहर से निकलकर मगरमच्छ घुस गया। ग्रामीणों ने किसी तरह मगरमच्छ को काबू में कर माइनर में छोड़ा। वनकर्मियों को भी सूचना दी गई लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है।
जरवलरोड के आगापुरवा विसैंधा गांव निवासी महाराजदीन और सियाराम का घर सरयू माइनर से सटा हुआ है। रविवार सुबह जब गांव के लोग घरों से निकले तो महाराजदीन के घर के पास एक मगरमच्छ देख लोग भाग खड़े हुए। मौके पर भीड़ जमा हो गई। गांव निवासी शब्बीर, जहीरुद्दीन, पवन, मुनीर और राजेश ने किसी तरह मगरमच्छ को काबू में कर उसे रस्सी से बांधा फिर माइनर में छोड़ा।
कटी नाले में दिखा मगरमच्छ
गांव निवासी शब्बीर और जहीरुद्दीन ने बताया कि कटी नाले में भी एक मगरमच्छ तीन दिन से दिखाई दे रहा है। इसकी सूचना भी रेंज कार्यालय पर दी लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। इसके चलते नाले में पानी पीने वाले मवेशी कभी भी खतरे में पड़ सकते हैं।