d अमर उजाला ब्यूरो
नानपारा (बहराइच)। मिहींपुरवा से तगादा वसूलकर रविवार देर शाम लौट रहे व्यवसायी को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे के बल पर लूट लिया। तमंचे की बट से व्यवसायी की पिटाई की और विरोध पर चाकू से हमला किया। इसके बाद बदमाश बैग छीनकर चंपत हो गए। बैग में डेढ़ लाख रुपये थे।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत मोहल्ला बस स्टैंड निवासी शोभित गोयल पुत्र संतोष गोयल ऑटो स्पेयर पार्ट्स व इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का व्यवसाय करते हैं। रविवार सुबह शोभित मिहींपुरवा क्षेत्र में सप्लाई किए गए सामान का तगादा वसूलने दुकान के कर्मचारी इमामगंज निवासी संजय के साथ बाइक से निकले थे। मिहींपुरवा में तगादे के डेढ़ लाख रुपये वसूलने के बाद दोनों नानपारा लौट रहे थे। शाम सवा छह बजे के आसपास जब वे मिहींपुरवा-नानपारा मार्ग पर रजवापुर के पास पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे के बल पर उनकी बाइक रुकवा ली। बाइक रुकते ही एक बदमाश ने शोभित की कनपटी पर कट्टा लगाकर बैग छीनने का प्रयास किया। व्यवसायी ने विरोध किया तो दूसरे बदमाश ने चाकू से उनके हाथ पर वार कर दिया और इतने में शोभित का बैग छीनकर बदमाश असलहे लहराते हुए फरार हो गए। नानपारा पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शोभित को सीएचसी भेजा है।
व्यापारी को पेड़ से बांधकर लूटा
राजीचौराहा (बहराइच)। पचदेवरी बाजार से किराने का सामान खरीदकर घर लौट रहे एक व्यवसायी को बदमाशों ने देर शाम नहर पटरी पर बंधक बनाकर लूट लिया। विरोध करने पर मारापीटा। काफी देर बाद निकले कुछ राहगीरों की मदद से व्यवसायी मुक्त हो सका। उसने थाने पर तहरीर दी है। हरदी थाना अंतर्गत गंधिला निवासी बका अहमद पुत्र नसीरुद्दीन की गांव में ही किराने की दुकान है। दुकान में कुछ सामान कम पड़ गया था। उसकी खरीदारी के लिए बका अहमद साइकिल से पचदेवरी बाजार गया था। बाजार में सामान खरीदकर जब वह देर शाम घर लौट रहा था तो राजीचौराहा के निकट नहर पटरी पर सूनसान स्थान के पास पहले से मौजूद तीन लोगों ने हाथ देकर व्यवसायी को रोका। उसके रुकते ही एक बदमाश ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। दूसरा व्यक्ति व्यवसायी की तलाशी लेने लगा। विरोध करने पर पुन: बदमाशों ने उसे पीटा और पेड़ से बांध दिया। बका अहमद का कहना है कि उसके पास मौजूद दस हजार रुपया नकदी और लगभग पांच हजार मूल्य का सामान बदमाश लेकर चंपत हो गए हैं। काफी देर बाद निकले राहगीरों की मदद से बका अहमद किसी तरह छूट सका। उसने हरदी थाने पहुंचकर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष शिवपति सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।