लेंगड़ीगूलर (श्रावस्ती)। लक्ष्मननगर गिलौला मार्ग स्थित भिठौरा रामसहय मोड़ के निकट शनिवार को भारी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं पड़ी मिलीं। इन दवाओं से कुछ बच्चे तो खेल रहे थे। जबकि कुछ उठा कर घर ले गए। सड़क किनारे पड़ी इन दवाओं के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो गया है।
जगह जगह पर ड्रग विभाग द्वारा छापेमारी की जा रही है। अभी हाल में ही गिलौला के आसपास कई दुकानों पर ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा छापेमारी की गई थी। इनमें कुछ दवाओं के नमूने भी लिए गए थे। इस छापेमारी से दवा दुकानदार परेशान थे। शनिवार को लक्ष्मननगर गिलौला मार्ग स्थित भिठौरा राम सहाय मोड़ के निकट भारी मात्रा में सड़क किनारे लावारिस हालत में दवाएं पड़ी देखी गई। इन दवाओं में अधिकांशत: एंटीबायोटिक थीं। कुछ दवाओं के रैपर पर एक्सपायरी तिथि अंकित भी जबकि कुछ दवाएं अभी एक्सपायर नहीं हुई थीं। इन दवाओं की जानकारी लोगों तब हुई जब बच्चे दवाओं के पैकेट लेकर गांव में घूमने लगे। बच्चों के हाथ में दवाओं को देख कर ग्रामीण परेशान हो गए। बच्चों की निशानदेही पर जब वह दवा पड़े स्थान पर गए तो वहां भारी मात्रा में दवाएं देखने को मिलीं। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस व सीएचसी गिलौला को दी। जानकारी पर पहुंचे सीएचसी के चिकित्सकों ने दवाओं को तत्काल वहां से हटा कर जमीन के नीचे नष्ट करने को कहा है। इस संबंध में औषधि निरीक्षक राजू प्रसाद बताते हैं कि डीएम के आदेश पर लगातार छापेमारी चल रही है। संभव है कुछ दुकानदारों के पास एक्सपायरी दवाएं रही हों जिन्हें वह फेंक गए हों। फेंकी गई दवाएं अन्य लोगों के लिए नुकसानदेह हैं। इसलिए इसे जमीन के नीचे दबा देना चाहिए।