बिछिया (बहराइच)। रुपईडीहा में पकड़े गए तीन आतंकवादियों के कुछ और साथियों के भारतीय सीमा में घुसपैठ की सूचना एसएसबी को मिली है। जिसके चलते शुक्रवार शाम से ट्रेन व बसों की सघन चेकिंग हो रही है। नेपाल के मुख्य मार्ग से भारतीय सीमा क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों को भी खंगाला जा रहा है। हालांकि अभी तक कुछ हाथ नहीं लगा है। लेकिन खुफिया एजेंसियों की पुख्ता सूचना होने के चलते सीमा पर अलर्ट घोषित किया गया है।
पाक अधिकृत कश्मीर के सोपोर और कुपवाड़ा निवासी हिजबुल मुजाहिदीन के दो और जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के एक आतंकवादी को तीन दिन पूर्व एसएसबी सातवीं वाहिनी के जवानों ने इंडो-नेपाल सीमा पर पकड़ा था। इन तीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में समर्पण के लिए दिल्ली भेजा गया था। उन तीनों आतंकियों के कुछ और सहयोगियों के भारतीय सीमा क्षेत्र में घुसपैठ की सूचना खुफिया एजेंसियों को मिली है। जिसके चलते शुक्रवार शाम से सख्ती बरती जा रही है। गोंडा से बरेली जाने वाली 52253 अप पैसेंजर ट्रेन को बिछिया रेलवे स्टेशन पर रोक कर सीमांत मुख्यालय लखीमपुर एसएसबी के प्रचार अधिकारी पीएन कासीनाथन, लखनऊ के एके विक्सरी, सेक्टर मुख्यालय के अनूप चौधरी, सहायक सेनानायक मुर्तिहा सुरेश शर्मा ने दो दर्जन जवानों और डाग स्क्वायड दस्ते के साथ खंगाला। लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। खुफिया एजेंसियों की इस सूचना के बाद रुपईडीहा सीमा पर भी अलर्ट घोषित किया गया है। नेपाल से आने वाले वाहनों को खंगाला जा रहा है। एसएसबी सातवीं वाहिनी ई कंपनी के उप सेनानायक पीएन सिंह ने बताया कि नेपाल की खुली सीमा पर भी गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीण अंचलों के रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है।