बहराइच/नानपारा। मुंडन संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की जीप राजीचौराहे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। जीप में सवार तीन महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। उधर, नानपारा क्षेत्र में चीनी मिल के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार भाई-बहन और भांजा घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों की हालत नाजुक है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत अरनवा गांव निवासी सीता देवी (22) के घर में मुंडन संस्कार था। इसमें शामिल होने के लिए गुरुवार सुबह सभी जीप से मटेरा स्थित जंगलीनाथ मंदिर गए थे। शाम को जब सभी घर लौट रहे थे तभी राजी चौराहा स्थित पिपरी के गांव के पास जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। जीप में सवार सीता देवी के अलावा रजनी (30), छोटकन्ने (13) व किशना (35) घायल हुए। अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक सीता देवी व छोटकन्ने की हालत गंभीर है। उधर, रिसिया थाना क्षेत्र के भक्तापुर निवासी राजितराम (22), अपनी बहन रिंकी (24) व भांजे लक्षाराम (डेढ़) को साइकिल पर बिठाकर बहन को ससुराल छोड़ने ले जा रहा था। कोतवाली नानपारा अंतर्गत नानपारा चीनी मिल पुल के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे साइकिल समेत जितराम उछलकर खड्ड में जा गिरा। आसपास के लोगों ने सभी को सीएचसी नानपारा पहुंचाया। यहां राजितराम की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।