विशेश्वरगंज (बहराइच)। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक कंछर शाखा के प्रबंधक को घूस लेते रंगे हाथों पकड़े जाने की खबर सुन काफी संख्या में लोग शुक्रवार दोपहर में बैंक पहुंच गए। लोगों ने बैंक प्रबंधक पर खाताधारकों व ऋण आवेदकों को अनावश्यक परेशान करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सभी सीबीआई एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई का समर्थन कर रहे थे। विशेश्वरगंज विकास खंड के ग्राम कंछर स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा के प्रबंधक दिनेश गुप्ता को घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने की सूचना क्षेत्र में जैसे ही फैली, लोग बैंक शाखा पहुंच गए। यह लोग प्रबंधक की गिरफ्तारी से खुश थे। विशेश्वरगंज निवासी सोनू सरदार और ओमप्रकाश ने बताया कि शाखा प्रबंधक अनावश्यक खाताधारकों को बैंक में घंटों खड़ा रखते थे। अभद्रता करने से भी नहीं चूकते थे। प्रमोद कुमार और जगदंबा ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड के ऋणधारकों से बैंक प्रबंधक 15-20 प्रतिशत कमीशन की मांग करते थे। कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। किशोरीलाल का कहना है कि प्रबंधक की कार्यशैली से क्षेत्र का हर व्यक्ति परेशान था। सभी ने कड़ी सजा देने की मांग भी की।