बहराइच। शहर के परिवहन निगम बस अड्डे पर गुरुवार देर रात एक महिला को युवती के साथ पुलिस ने पकड़ा। युवती का आरोप है कि महिला उसे जबरन किसी के घर ले जाकर बेचने का प्रयास कर रही थी। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।
कोतवाली नगर अंतर्गत परिवहन निगम बस अड्डे पर एक महिला और युवती के बीच कुछ लोगों ने कहासुनी होते देखी, जिसकी सूचना उन्होंने महिला थाने की प्रभारी सरोज शर्मा को दी। वे मौके पर पहुंची और युवती से पूछताछ की। युवती ने बताया कि महिला उसे जबरन किसी अज्ञात व्यक्ति के यहां ले जाने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। युवती बनारस की निवासी बताई जाती है, जबकि महिला श्रावस्ती जिले के गंगापुर की निवासी है। युवती का कहना है कि महिला उसे नौकरी दिलाने के बहाने बहराइच लेकर आई है। थाना प्रभारी का कहना है कि बनारस निवासी युवती के पास डायरी से उसके घर का मोबाइल नंबर मिला है।
परिजनों से बात की गई है। परिजन युवती को मानसिक रूप से बीमार बता रहे हैं। युवती के परिवार के लोग बनारस से बहराइच के लिए रवाना हो गए हैं। जबकि महिला अभी चुप्पी साधे हुए है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। युवती के परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।