रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी के जवानों ने रविवार को एक व्यक्ति को चरस की खेप के साथ दबोच लिया। पकड़ा गया युवक हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। वह मोजे में तीन किलो 24 ग्राम चरस छिपाकर ला रहा था। मदक द्रव्य को सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
दीपावली के मद्देनजर इस समय रुपईडीहा स्थित नेपाल की खुली सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रविवार दोपहर में एसएसबी सातवीं वाहिनी के हवलदार करन सिंह अपने साथियों के साथ नेपाल की सीमा से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले लोगों की तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध लगा। उशकी तलाशी ली गई तो मोजे में छिपाकर रखी गई तीन किलो 24 ग्राम चरस बरामद हुई। सहायक सेनानायक अश्विनी कुमार के निर्देश पर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान उसकी पहचान जीतेंद्र कुमार पुत्र धर्मवीर निवासी ग्राम करोर रोहतक हरियाणा के रूप में हुई है। जीतेंद्र ने बताया कि वह नेपाल के चीसा पानी से चरस की खेप लेकर वापस हरियाणा जा रहा था। पकड़े गए जीतेंद्र को एसएसबी ने रुपईडीहा पुलिस को सौंप दिया है। बरामद चरस को सीज कर दिया गया है।
माह भर पहले पहली खेप पार कर चुका जीतेंद्र
एसएसबी की पूछताछ में जीतेंद्र ने बताया कि माह भर पूर्व वह रोहतक निवासी एक अन्य युवक के साथ नेपाल आया था। उस दौरान उसने पांच किलो से अधिक चरस की खेप सीमा से पार की थी। एसएसबी ने संबंधित युवक का भी नाम पता नोट कर पुलिस को अवगत कराया है।