बहराइच। स्पेशल आपरेशन ग्रुप व कोतवाली देहात की संयुक्त टीम ने गोंडा रोड पर अमीनपुर नगरौर गांव के निकट ऑटो लिफ्टर गैंग के सदस्यों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर गोली चला दी। जिसमें पुलिस वाले बाल-बाल बच गए। बदमाशों के पास से चोरी की दो बाइक, कट्टा, कारतूस व चाकू बरामद हुए हैं।
एसओजी प्रभारी कपिलमुनि सिंह को अमीनपुर नगरौर गांव के निकट बाइक चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों के गोंडा की ओर जाने की सूचना मिली थी। जिस पर एसओजी टीम के प्रभारी ने एसआई संतोष सिंह व अंगद राय समेत अन्य पुलिस कर्मियों के साथ घेराबंदी की। दो बाइक पर सवार होकर तीन व्यक्ति गोंडा की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने कट्टे से पुलिस टीम पर दो फायर किए जिसमें पुलिस के लोग बाल-बाल बच गए। बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। जिनकी पहचान खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम भूमिहारनपुरवा निवासी कुलेराम वर्मा पुत्र मोहन वर्मा, कोतवाली नानपारा के बसवातीपुरवा निवासी पांडे यादव पुत्र साउन यादव और गोंडा जनपद के मोतीगंज निवासी छब्बेलाल पुत्र बाउर यादव के रूप में हुई। बदमाशों के पास से तलाशी में दो कट्टा, दो कारतूस व
दो खोखा और एक चाकू बरामद हुआ।
चोरी की दो बाइक भी बरामद हुई हैं। एसओजी प्रभारी कपिलमुनि सिंह ने बताया कि तीनों बदमाशों ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से कई बाइक की चोरी करने और उन्हें नेपाल में बेचने की बात स्वीकार की है।