बहराइच। जिले के विभिन्न विद्यालयों के वाहन बिना फिटनेस कराए ही सड़कों पर बेखौफ फर्राटे भर रहे हैं। ऐसे वाहन स्वामी एक तरफ बच्चों की जिंदगी के साथ तो खिलवाड़ कर ही रहें हैं, साथ में विभाग के राजस्व को भी चूना लगा रहे हैं। एआरटीओ द्वारा 99 ऐसे वाहनों को चिन्हित कर सभी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
जिले के शहर समेत अन्य तहसील क्षेत्रों में परिषदीय विद्यालय समेत निजी विद्यालयों में नवीन सत्र शुरू हो गया है। जिले में संचालित 221 निजी स्कूल प्रशासन ने बच्चों को स्कूल लाने व भेजने के काफी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों को लगा रखा है। स्कूल प्रशासन अभिभावकों से तय फीस के हिसाब से प्रति माह की फीस में किराया लेकर बच्चों को ला और ले जा रहे हैं। करीब साढ़े तीन सौ से अधिक ऐसे स्कूली छोटे-बड़े वाहन है, जिनका पंजीकरण सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में हैं। जबकि कुछ वाहन स्वामी निजी तौर पर अपने वाहनों को संचालित कर बच्चों को लाने ले जाने का कार्य कर रहें है।
सहायक संभागीय परिवहन विभाग में जिन वाहनों का पंजीकरण है, उसमें ज्यादातर वाहन मानकों के विपरीत सड़कों पर फर्राटा भर बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष स्कूलों के नए सत्र के आरंभ होने से पूर्व स्कूल प्रशासन को अपने वाहनों को दुरुस्त कर मानकों के हिसाब से संचालित करने की हिदायत भी देता रहता है। लेकिन वाहन स्वामी अधिक पैसा कमाने के चक्कर में बच्चों की जान की भी परवाह नहीं कर रहें हैं।
एआरटीओ महकमा अब ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसने की तैयारी में हैं। विभाग की ओर से 99 स्कूली वाहनों की लिस्ट तैयार की है, जिनका फिटनेस जुलाई माह में समाप्त हो गया है। बार-बार चेतावनी के बाद वाहन स्वामी वाहनों का फिटनेस नहीं करा रहें है। शीघ्र विभाग की टीम चेकिंग अभियान चलाएगी। चेकिंग के दौरान अगर बिना फिटनेस कराए कोई वाहन सड़कों पर फर्राटे भरता दिखाई दिया, तो विभाग वाहन के परमिट को निरस्त कर देगी। मामले में एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भी भेजा गया है।
99 स्कूली वाहन स्वामियों को भेजा नोटिस
जिले में ऐसे 99 स्कूली वाहन चिन्हित हुए है, जिनका जुलाई माह में फिटनेस समाप्त हो गया है। सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। जांच के दौरान अगर ऐसे वाहन संचालित होते पाए गए, तो संबंधित वाहन की परमिट निरस्त करा दिया जाएगा। मानक के विपरीत एक भी स्कूली वाहन को सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं हैं।
राजीव कुमार, एआरटीओ प्रशासन