बहराइच। लेखपाल भर्ती के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट में सुबह दस बजे से साक्षात्कार शुरू हुआ। दूसरे दिन 99 आवेदकों ने कमेटी के सामने पेश होकर सवालों के जवाब दिए।
दूसरे दिन भी प्रपत्रों के सत्यापन के बाद इंटरव्यू लिया गया। एक आवेदक साक्षात्कार में शामिल नहीं हुआ।
लेखपाल भर्ती के तहत मंगलवार से साक्षात्कार शुरू किया गया था। इसके लिए डीएम अभय कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जिसमें एडीएम विद्याशंकर सिंह व डिप्टी सीएमओ अनिल कुमार को सदस्य नामित किया गया है।
साक्षात्कार के लिए बुधवार सुबह से ही आवेदक कलेक्ट्रेट में एकत्रित होने लगे। दूसरे दिन भी सौ आवेदकों को बुलाया गया था।
एसडीएम सदर बच्चेलाल की अगुवाई बनी कमेटी ने आवेदकों के प्रपत्रों व बुलावा पत्र आदि का सत्यापन किया। एडीएम ने बताया कि दूसरे दिन 99 आवेदकों का साक्षात्कार लिया गया है, जबकि पहले दिन 95 आवेदक शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि लेखपाल भर्ती के लिए 19 फरवरी तक इंटरव्यू चलना है। ऐसे में किसी कारण से निर्धारित तिथि पर कमेटी के सामने नहीं पहुंच पाने वाले आवेदक 19 फरवरी तक प्रस्तुत होकर इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे।