बहराइच। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर होने वाली शिक्षकों की भर्ती में छूटे हुए 92 अभ्यर्थियों को एक बार फिर से काउंसिलिंग का मौका दिया जा रहा है। गुरुवार को बीएसए कार्यालय में सभी की काउंसिलिंग की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग में रिक्त 69 हजार सहायक अध्यापक पदों के लिए भर्ती शुरू की गई थी। इसके तहत बहराइच में 832 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जानी थी। जिसमें 762 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
मगर अभिलेखों में कमी के चलते 740 को ही नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था। 22 अभ्यर्थी छूट गए थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि एक बार सभी को फिर से मौका मिल रहा है। दस दिसंबर को छूटे 22 अभ्यर्थियों के साथ 70 अन्य को काउंसिलिंग में शामिल किया जाएगा।