बहराइच। पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार से नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन ग्राम प्रधान के 916 और ग्राम पंचायत सदस्य के 662 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इस दौरान ब्लॉक मुख्यालयों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।
पहले चरण में विकासखंड तेजवापुर, महसी और शिवपुर में चुनाव कराया जाना है। तेजवापुर में ग्राम प्रधान के 73 और सदस्य के 965, महसी में प्रधान के 74 व सदस्य के 964 और शिवपुर में प्रधान के 68 व सदस्य के 924 पदों पर चुनाव होना है।
इन पदों के लिए सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह दस बजे से नामांकन शुरू हुए। शिवपुर के निर्वाचन अधिकारी रामकिशुन ने बताया कि यहां प्रधान के 328 व सदस्य के 248 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है।
तेजवापुर के निर्वाचन अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि यहां पर प्रधान पद के लिए 340 व सदस्य के लिए 184 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किए हैं।
महसी के निर्वाचन अधिकारी संतोष यादव ने बताया कि यहां पर ग्राम प्रधान के 248 और सदस्य पद के लिए 230 नामांकन जमा किए गए।
चक्कर काटते रहे प्रत्याशी
ब्लॉक मुख्यालयों पर चालान जमा करने के लिए काउंटर नहीं बनाए गए थे, इसे बैंक में जमा किया जाना था। महसी ब्लॉक मुख्यालय पर नामांकन जमा करने आए प्रत्याशी मिथलेश श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन केवल इलाहाबाद बैंक महराजगंज शाखा में जमा हो रहे थे, जबकि वहां कोई कर्मचारी चालान जमा करने के लिए मौजूद नहीं था। उन्होंने आरओ के सामने भी यह समस्या रखते हुए काउंटर लगाए जाने की बात की।