बहराइच। पॉलिथीन की बिक्री पर रोक को लेकर नपाप प्रशासन की ओर से मंगलवार को शहर की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। कई दुकानों की तलाशी हुई।
छापेमारी में दुकानों से बरामद 15 किलो पॉलिथीन को मौके पर नष्ट कराया गया। दुकान संचालकों को चेतावनी दी गई। छापेमारी से व्यवसायियों में हड़कंप रहा।
यूपी सरकार की ओर से 50 माइक्रान से कम की पॉलिथीन को पूरी तरीके से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ने टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिये थे।
डीएम माला श्रीवास्तव के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम सदर जुबेर बेग व ईओ नगर पालिका पवन कुमार की अगुवाई में टीम ने शहर के चौक बाजार, किरानागली, सब्जी मंडी, चांदपुरा, रोडवेज एवं नाजिरपुरा, पीपल चौराहा आदि इलाके में छापेमारी की। टीम की छापेमारी में ज्यादातर दुकानदार पॉलिथीन का प्रयोग करते नहीं मिले।
नपाप के कर निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव की अगुवाई में शहर के छावनी, दरगाह क्षेत्रों में छापेमारी की गई। ईओ पवन कुमार ने बताया कि मंगलवार को छापेमारी में ज्यादातर दुकानदार पॉलिथीन का प्रयोग करते हुये नहीं मिले।
कुछ छोटे व्यवसायियों के पास करीब 15 किलो पॉलिथीन बरामद हुई। उसे मौके पर नष्ट कराया गया है। सभी को चेतावनी दी गई है। ईओ कुमार ने बताया कि 19 जुलाई से अभियान तेजी से चलेगा। जुर्माना के साथ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी।