शिवराज सरकार को बर्खास्त किया जाए
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर उठाई मांग
बहराइच। शिवराज सरकार में मध्यप्रदेश में हक की लड़ाई लड़ रहे किसानों पर बरसाई गईं गोलियों के विरोध में सोमवार को कलेक्ट्रेट मेें आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से मामले का संज्ञान लेकर शिवराज सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
आम आदमी पार्टी की जिला संयोजक संतोष कुमारी रस्तोगी की अगुवाई में कार्यकर्ता जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान संतोष कुमारी ने कहा कि मध्य प्रदेश के मंदसौर में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर बर्बरता पूर्वक लाठी बरसाई गई। इसके बाद उन पर फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली में छह किसानों की मौत हो गई। मंदसौर की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। किसानों को अपनी फसलों को सड़कों पर फेंकने को मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार पूरी तरह से सो रही है। आप कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें कार्यकर्ताओं ने शिवराज सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। इस मौके पर जिला सचिव मोहम्मद मुजम्मिल, शरीफ अहमद, जकीउल्ला, उदय पाठक, रामनरायण, अरुण कुमार, मुकेश आदि मौजूद रहे।