मिहींपुरवा। लौकाही गांव के कोटेदार से अनाज लेकर उसे गोदाम में डंप किया जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीण ने डायल 100 पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नौ बोरी अनाज बरामद किया है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोटेदार समेत चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। कोटे को निलंबित कर दिया गया है।
विकासखंड मिहींपुरवा के लौकाही गांव में पिछले दिनों कुछ लोग साइकिल पर सरकारी अनाज के बोरे लादकर ले जा रहे थे। बुधवार को पुन: साइकिल पर अनाज लादकर एक गोदाम में डंप किया जा रहा था।
इसकी जानकारी होने पर लौकाही गांव निवासी जुनेद अंसारी ने डायल 100 पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही साइकिल सवार अनाज छोड़ कर फरार हो गये। पुलिस ने मौके से तीन साइकिल व नौ बोरी अनाज बरामद किया।
कालाबाजारी की शिकायत जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव से की। जिलाधिकारी ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए। पूर्ति निरीक्षक मिहींपुरवा देवेश भारती ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कोटेदार मायावती और ग्रामीणों के बयान पर अवैध रूप से अनाज ले जा रहे लौकाही निवासी बहादुर, आफत अली और बालम उर्फ लालमोहम्मद के विरुद्ध मोतीपुर थाने में केस दर्ज कराया गया है।
मायावती के कोटा की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। लौकाही ग्राम के प्रधान प्रतिनिधि कादिर खां ने कहा कि कुछ लोगों ने साजिश करके कोटेदार को फंसाया है। अनाज सुरक्षित है।