खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की की टीम ने की छापेमारी
बहराइच। दीपावली को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने मंडी से 55 किलों बदबूदार खोया जब्त कर नष्ट कराया। दो मिठाई की दुकानों से बर्फी के नमूनों को भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला लखनऊ भेजा है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से दीपावली का पर्व शुरू होने से पूर्व मिलावटखोरों के खिलाफ शुरू किया गया। मंगलवार को विभाग के मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी कौशलेंद्र शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागिशमणि त्रिपाठी, राजेंद्र पांडेय, अनंत स्वरूव, डॉ. रामतेज, डॉ. विश्राम, एसपीएन सिंह व राघवेंद्र प्रसाद वर्मा ने सुबह शहर के चौक स्थित खोया मंडी पर औचक छापेमारी की।
विभाग की औचक छापेमारी से खोया विक्रेता अपना-अपना खोये छोड़कर भागने लगे। टीम ने मंडी से करीब 55 किलो लावारिस हालत में रखा खोया बरामद किया। जिसको अपने कब्जे में लेकर गोलवाघाट स्थित कूड़ेघर में ले जाकर नष्ट कर दिया। टीम ने रोडवेज परिसर के आसपास स्थित मिष्ठान की दुकानों का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान रिजवान व अजमतउल्ला की दुकान से बर्फी का नमूना लिया। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी शर्मा ने बताया कि बदबूदार खोये को नष्ट करा दिया गया है। बर्फी के दोनों नमूनों को भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।