सभासद ने साथियों के साथ सफाई कर्मी को पीटा
मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
वार्ड में सुबह सफाई करते समय किया हमला
रिसियामोड़ (बहराइच)। नगर पंचायत के सभासद ने साथियों के साथ रविवार को सुबह वार्ड में सफाई करने पहुंचे सफाई कर्मी की अकारण लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इससे नगर पंचायत के सफाई कर्मी भड़क उठे। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने आनन-फानन में सभासद और उसके भाई को नामजद करते हुए चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना के बाद से आरोपी सभासद और उसके सहयोगी फरार हैं।
रिसिया थाना अंतर्गत रविदासनगर मोहल्ले में प्रतिदिन की तरह सफाई कर्मी मेट रामनेरश सहयोगी कर्मचारियों के संग ट्रैक्टर-ट्रांली और फावड़ा लेकर सफाई करवाने पहुंचा। जब वह कर्मचारियों संग साफ-सफाई कर रहा था, तभी सभासद वकील अहमद अपने भाई अकील अहमद और दो अन्य सहयोगियों के साथ मौके पर आ धमके और रामनरेश को भला बुरा कहते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया। सफाईकर्मी के विरोध करने पर सभी ने हमला कर उसे पीट दिया। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब सफाई कर्मी की जान बच सकी। सूचना नगर पंचायत के अन्य सफाईकर्मियों को मिली तो सभी आक्रोशित होकर थाने पहुंच गए। रामनेरश की तहरीर पर पुलिस ने सभासद वकील और उसके भाई अकील को नामजद करते हुए चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष संजय दूबे ने बताया कि आरोपी सभासद और उसके साथी फरार हैं। तलाश में दबिश दी जा रही है। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश निगम ने कहा कि सफाई कर्मी पर हमले करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।