‘सभी लोगों को मिले योजनाओं का लाभ’
अंत्योदय मेले के दूसरे दिन स्वास्थ्य व समाज कल्याण विभाग पर रहा फोकस
बहराइच। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर महिला डिग्री कॉलेज में चल रहे जिला स्तरीय तीन दिवसीय अंत्योदय मेला एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम के दूसरे दिन स्वास्थ्य व समाज कल्याण सेक्टर को फोकस किया गया। कार्यक्रम का जिलाधिकारी अजय दीप सिंह ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, बलहा अक्षयबर लाल गौड़, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार के साथ दीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि योजनाओं का लाभ सभी लोगों को दिलाया जाए।
मेले में आए लोगों को संबोधित करते हुए डीएम ने सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। विधायक बलहा अक्षयबर लाल गौड़ ने कहा कि सरकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके, तभी सार्थक होगी। विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लक्षित व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार की जरूरत बताई। अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी के दौरान दिव्यांगजन कल्याण की ओर से पांच ट्राईसाइकिल व चार व्हील चेयर का वितरण किया गया। जबकि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से 25 दिव्यांग पेंशन, समाज कल्याण विभाग से 60 वृद्धावस्था पेंशन, प्रोबेशन से 25 निराश्रित महिला पेंशन स्वीकृति पत्र तथा समाज कल्याण वित्त विकास निगम की ओर से अनुसूचित जाति के पांच व्यक्तियों को ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। कैंप में डॉ. मनीष व महिला डॉक्टर निशी एवं नर्गिश ने स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण लाल, उपायुक्त मनरेगा वीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी डीके सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बालेंदु कुमार द्विवेदी, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रकाश आदि मौजूद रहे।