बहराइच। शहर की सरकार चुनने के लिए रविवार को बूथों पर युवा मतदाता भी उत्साहित नजर आए। पहली बार वोट करने वाले युवाओं ने बूथ पर पहुंचकर बैलेट पेपर पर मुहर लगाई। युवा बोले स्वच्छ छवि के प्रत्याशी को चुना है। अगर प्रत्याशी जीता और विकास हुआ तो वोट देना सार्थक हो जाएगा। शहर के विकास में योगदान के लिए युवाओं का उत्साह सुबह से ही चरम पर दिखा। बूथों पर कतारों में बड़े बुजुर्गों के साथ युवा तो लगे ही रहे, सुबह से शाम तक युवक और युवतियां जत्थों में मतदान केंद्र पर पहुंचते रहे। शहर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के बूथ पर पहली बार वोट देने जा रहे उत्कर्ष जायसवाल ने कहा कि पहली बार वोट देने का मौका मिला है। स्वच्छ छवि के प्रत्याशी का चयन कर बैलेट पेपर मुहर लगाएंगे। काफी अच्छा लग रहा है। यहीं की युवती निमिषा ने कहा कि बिजली की समस्या नगर में सबसे अधिक है। इस समस्या से निजात पाने के लिए वोट दिया है। आयुषी और ऋचा जायसवाल का कहना है कि पहली बार वोट देने का मौका मिला है। समस्याएं खत्म हो सकें। आदर्श शहर की स्थापना हो, इसे केंद्रबिंदु बनाकर बैलेट पेपर पर मुहर लगाई है। शहर की सरकार में स्वच्छ छवि का नुमाइंदा पहुंचे। इसके लिए वोट दिया है।