बुखार व डायरिया से तीन बच्चों की मौत
जिला अस्पताल में 16 और मरीज हुए भर्ती
बहराइच। तराई में बदल रहे मौसम के बीच बुखार और डायरिया का कहर थम नहीं रहा है। शनिवार को बुखार और डायरिया से पीड़ित तीन बच्चों की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, जिला अस्पताल में 16 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
तराई में मौसम पल-पल बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी बौछार और बदली का सामना करना पड़ रहा है। इसका नतीजा यह है कि संक्रामक रोग तेजी से फैल रहे हैं। गिलौला के करमोहना रामापुर गांव निवासी मोहम्मद अरमान (7) पुत्र अब्दुल कादिर को बीते चार दिन से बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। स्थानीय स्तर पर परिवारीजनों ने इलाज कराया, लेकिन लाभ नहीं हुआ। इस पर जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। लेकिन यहां इलाज के दौरान शनिवार दोपहर में अरमान ने दम तोड़ दिया। उधर, इकौना के बनियनपुरवा निवासी रामावती (10) पुत्री ओमप्रकाश की भी उल्टी-दस्त और बुखार के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि कोतवाली देहात के चित्तौरा निवासी रीता (3) ने उल्टी-दस्त के चलते दम तोड़ दिया। वहीं, जिला अस्पताल में 16 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें ननकू (एक) निवासी हुजूरपुर तथा जगदीप (3) निवासी विशेश्वरगंज की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।