42.5 डिग्री पहुंचा पारा, जनजीवन बेहाल
गर्म पछुवा हवाओं के चलने से झुलसे लोग
बहराइच। जेठ की चिलचिलाती दोपहरी लोगों को बेहाल किए हुए है। सूरज की तपिश से गर्मी निरंतर बढ़ रही है। जिसके चलते दोपहर में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। कड़ाके की धूप के साथ चल रही गर्म पछुआ हवा से लू का अहसास हो रहा है। इस भीषण गर्मी के बीच ही तापमान का पारा तराई में 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
तराई का तापमान लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनता जा रहा है। सूरज की चिलचिलाती किरणें झुलसा रहीं हैं। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे दिन में 10 बजे के बाद लोगों को घर से निकलने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। चिलचिलाती धूप से सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा दिख रहा है। बाजार व आफिस के लिए घरों से निकले कामकाजी लोगों को सूरज की तपिश से झुलसने को मजबूर होना पड़ रहा है। तेज धूप के बीच चल रही पछुआ हवा से जिले में लू की स्थिति बन गई है। दोपहर के समय सड़कें व बाजारें सूने दिखायी दिए। नरेंद्रदेव कृषि एवं फसल अनुसंधान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह ने बताया कि गर्मी अभी औैर बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि तीन दिन बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। धूल भरी आंधी के साथ ही वर्षा की स्थिति भी बन सकती है।