मिहींपुरवा। मोतीपुर क्षेत्र के राजापुर कला के मजरा कुर्मिनपुरवा गुलरा में सोमवार सुबह 70 वर्षीय रानी देवी घर के अंदर मृत मिलीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुत्र कैलाश ने पुलिस को बताया कि उनकी मां रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई थीं। देर रात अचानक उन्हें खून की उल्टी होने लगी। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों में चर्चा है कि कैलाश शराब के नशे में अक्सर अपनी मां के साथ मारपीट करता था। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड ने बताया कि पुत्र ने खून की उल्टी होने के बाद मां की मौत की सूचना दी थी। सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।