बहराइच। पंचायत चुनाव के तीसरे चक्र का मुकाबला आज बलहा, नवाबगंज, मिहींपुरवा, रिसिया विकासखंड में होगा। शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालयों से 329 मतदान केंद्रों के 973 बूथों पर रवाना हुईं पोलिंग पार्टियों ने बूथों पर कमान संभाल ली है।
चार विकासखंडों के 7 लाख 38 हजार पांच सौ मतदाता, जिला पंचायत के 448 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 3597 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज वोट डालकर करेंगे।
तीसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य के 21 पदों के लिए 448 प्रत्याशी चुनाव मैैदान में हैं। वहीं, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड नवाबगंज में 98 पदों पर 677, विकासखंड बलहा में 119 पदों पर 835, विकासखंड मिहींपुरवा में 185 पदों पर 1458 और विकासखंड रिसिया में 110 पदों पर 627 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 329 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनके 973 बूथों पर शनिवार को वोट पड़ेंगे। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालयों से रवाना किया गया। इस दौरान काफी अव्यवस्था भी रही।
पोलिंग पार्टियों को रवाना किए जाने के दौरान रिसिया के श्यामा देवी बालिका इंटर कॉलेज में डीएम अभय कुमार व एसपी सालिकराम वर्मा ने दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जबकि सीडीओ राकेश कुमार व एएसपी ग्रामीण डॉ. एबी पांडेय ने विकास खंड बलहा मुख्यालय का दौरा किया।
प्रेमनगर स्कूल की जगह तुलसीपुर बना मतदान केंद्र
बहराइच। बलहा के ग्राम पंचायत तुलसीपुर का मतदान केंद्र प्रेमनगर प्राथमिक विद्यालय में रहता था। इस बार पंचायत चुनाव में भी यही मतदान केंद्र घोषित किया गया था लेकिन शुक्रवार शाम को अचानक मतदान केंद्र संख्या 220 और 221 को बदल कर तुलसीपुर के स्कूल को मतदान केंद्र बना दिया गया। इस मामले में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह का कहना है कि उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट पर मतदान केंद्र बदला जाता है। उसी के तहत कार्यवाई हुई है।
चुनाव ड्यूटी पत्र लेने से इंकार करने पर दो निलंबित
बहराइच। पंचायत चुनाव में विकासखंड जरवल में तैनात दो सफाईकर्मियों ने चुनाव ड्यूटी पत्र लेने से इंकार कर दिया। इसके चलते दोनों सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी पंचायत नवाबगंज को सौंपी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी एके सिंह ने बताया कि जरवल के राजस्व ग्राम रिठौरा में तैनात सफाईकर्मी रामअवतार और निम्दीपुर में तैनात सफाईकर्मी रामगोपाल की ड्यूटी तृतीय मतदान अधिकारी के रूप में पार्टी संख्या 100054 और 50064 में लगाई गई थी लेकिन दोनों ने ड्यूटी पत्र लेने से ही इंकार कर दिया।
इसे अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से दोनों सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। नवाबगंज के सहायक विकास अधिकारी पंचायत को जांच सौंपी गई है।
आज शाम से सील हो जाएगी नेपाल सीमा
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जिले के विकासखंड नवाबगंज और मिहींपुुरवा की सीमा नेपाल राष्ट्र से सटी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सीमा को सील करने का निर्णय ले लिया है।
एसएसबी के सहायक सेनानायक रविशंकर कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव को देखते हुए सीमा पर पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। एसएसबी ने शनिवार को सुबह छह बजे से लेकर शाम छह बजे मतदान समाप्ति तक किसी को भी सीमा पार आने-जाने की अनुमति नहीं प्रदान की जाएगी।