दहेज के लिए दो महिलाओं को जिंदा जलाने की कोशिश
जिला अस्पताल में हालत गंभीर, पुलिस ने शुरू की जांच
बौंडी और कोतवाली नानपारा क्षेत्र का मामला
बहराइच। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं को दहेज की डिमांड पूरी न होने पर ससुरालियों ने जिंदा जलाने की कोशिश की। दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने महिलाओं के मायके के लोगों की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फखरपुर थाना अंतर्गत गजाधरपुर निवासी सुबराती ने बताया कि उसने अपनी बेटी रुखसाना (18) का विवाह कुछ माह पहले बौंडी थाना अंतर्गत डिहवा कला गांव निवासी असलम के साथ किया था। लेकिन विवाह के बाद से ही एक लाख रुपये की डिमांड की जा रही थी। इसके लिए बेटी को मारापीटा जाता था। सुबराती का कहना है कि एक लाख रुपये न मिलने पर शुक्रवार की रात ससुरालीजनों ने रुखसाना पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह आग बुझाई। सूचना पाकर पहुंचे सुबराती ने रुखसाना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, रिसिया थाना अंतर्गत रायपुर कबुला निवासी जाकिर अली ने अपनी पुत्री रूफा बानो का विवाह कोतवाली नानपारा अंतर्गत लक्ष्मनपुर शंकरपुर के बैरागी गांव निवासी मोहम्मद आरिफ के साथ किया था। लेकिन विवाह के बाद से एक लाख रुपये और बाइक की डिमांड की जा रही थी। इसी के चलते रात में रूफा की तीन ननद व पति ने केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। रूफा का कहना है कि जब वह आग की लपटों से घिर गई तो उसे घर के पीछे के दरवाजे से लाठी मारकर धकेल दिया गया। आसपड़ोस के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। जिला अस्पताल में दोनों महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है।