बहराइच। जिले के राजकीय विद्यालयों में कक्षा नौ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन करने के लिए 15 दिसंबर को मिड-लाइन असेसमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 55 राजकीय विद्यालयों के कुल 4,554 छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल होंगे।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय जिगनिया छत्रपाल के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित परीक्षा 90 मिनट की होगी, जिसमें कुल 60 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, सुचारु और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। प्रश्नपत्र, ओएमआर शीट और अन्य सामग्री भी सभी विद्यालयों को उपलब्ध करा दी गई है।
परीक्षा में हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों से 15-15 प्रश्न शामिल किए गए हैं। इस परीक्षा का उद्देश्य छात्रों की विषयगत समझ और सीखने के स्तर का वास्तविक मूल्यांकन करना है, ताकि उनकी कमजोरियों और मजबूत पक्षों की पहचान की जा सके।
परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर शिक्षकों को पहले ही दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिससे परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक दिक्कत न आए।
ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद ने बताया कि मिड-लाइन असेसमेंट परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई जाएगी, एप के माध्यम से परिणाम भी देर शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा समय से शुरू हो, छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और परीक्षा की गोपनीयता बनी रहे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।