बहराइच। अवध विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को एमएससी का परीक्षाफल घोषित किया गया। लेकिन किसान डिग्री कॉलेज के 60 छात्रों के सापेक्ष सिर्फ एक छात्र ही उत्तीर्ण हुआ है। इससे अन्य छात्र भड़क उठे।
छात्रों ने परीक्षाफल में धांधली होने की बात कहते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्राचार्य को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा।
सप्ताह भर में पुनर्मूल्यांकन की आवाज उठाई है। ऐसा न होने पर अपने अंकपत्र विश्वविद्यालय को वापस करने की चेतावनी दी है।
अवध विश्वविद्यालय के परीक्षाफल में इस बार बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आ रही है। शुक्रवार को एमएससी रसायन विज्ञान प्रथम वर्ष का परीक्षाफल घोषित हुआ तो किसान महाविद्यालय के छात्र परीक्षाफल देखकर हैरान रह गए।
60 छात्रों के सापेक्ष महज एक छात्र ही पास हुआ है। इस पर छात्र भड़क गए और छात्रों ने छात्र नेता शैलेष सिंह सैलू, प्रीतम जायसवाल, अलंकार सिंह, सचिन श्रीवास्तव, सूरज प्रताप सिंह, सर्वजीत सिंह की अगुवाई में महाविद्यालय में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कहा कि इस बार विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षाफल में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है।
एमएससी रसायन विज्ञान विभाग में सिर्फ एक छात्र को उत्तीर्ण दिखाया गया जो संभव नहीं है। अन्य छात्रों को भौतिक विज्ञान, गणित और वनस्पति विज्ञान में महज 25 से 45 प्रतिशत तक ही नंबर दिए गए हैं। जबकि कई छात्र मेधावी हैं।
स्नातक परीक्षाफल में 60 से 80 फीसदी अंक पा चुके हैं। लेकिन परास्नातक परीक्षा की कॉपियों को जांचने में जो लापरवाही की गई है इससे विद्यार्थियों का भविष्य संकट में है।
प्रदर्शन के बाद छात्रों ने प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। सप्ताह भर में उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग की है। चेतावनी दी है कि उत्तर पुस्तिकाएं दोबारा न जांची गईं तो सभी छात्र अपने-अपने अंकपत्र विश्वविद्यालय को वापस कर देंगे।
प्रदर्शन में अरुणेश बाजपेई, मोहम्मद फरजान, छवि कपूर, रजत अरोड़ा, शैलेंद्र सिंह, अनुराग, विशाल, शिवम साहू, आलोक मिश्रा, राजेश कुमार, आरपी शुक्ला, दिव्या गुप्ता, अमित कुमार, कौशलेंद्र विक्रम, रविशंकर, रवि कश्यप समेत कई विद्यार्थी मौजूद रहे।